दमोह के झलोन गांव में संचालित पेट्रोल पंप के लापता मैनेजर रूपेश जैन का शव रविवार सोमवार की दरमियानी रात कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पेट्रोल पंप संचालक पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
5 जून की रात से थे लापता, घर में मचा था हड़कंप
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय रूपेश जैन, जो अरहम पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, 5 जून की रात करीब 12 बजे अचानक घर से लापता हो गए थे। सुबह परिजनों को उनके गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद तेंदूखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
पढ़ें: पारिश्रमिक में 4.46% बढ़ोतरी, अप्रैल 2026 से एक लाख को मिलेगा लाभ
कुएं में मिला शव, 100 मीटर दूर है पेट्रोल पंप
बीती रात पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित एक कुएं में ग्रामीणों को शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। बाद में शव को तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रूपेश जैन के रूप में की।
परिजनों का आरोप हत्या की गई, पंप संचालक पर संदेह
मृतक के भाई दीपेश जैन ने आरोप लगाया कि उनके भाई आत्महत्या नहीं कर सकते। उनका कहना है कि रूपेश पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इस पूरे मामले में पेट्रोल पंप संचालक की भूमिका संदिग्ध है। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस शुरुआत में गुमशुदगी के मामले में सक्रियता नहीं दिखा रही थी। झलोन के सरपंच प्रतिनिधि चक्रेश जैन ने दावा किया कि रूपेश के मोबाइल में एक हस्तलिखित पत्र मिला है, जिसमें पेट्रोल पंप संचालक का नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि यह पत्र पुलिस को सौंपा गया है और कई अन्य संदिग्ध तथ्य भी सामने आए हैं, जिनकी जांच जरूरी है।
पोस्टमार्टम को लेकर विवाद, सागर भेजने की मांग
परिजनों ने मांग की है कि शव का पोस्टमार्टम सागर मेडिकल कॉलेज में कराया जाए ताकि जांच निष्पक्ष हो सके। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों के अनुसार पोस्टमार्टम उसी जिले में किया जाएगा, हालांकि पैनल डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई है। एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि परिजनों का आवेदन कलेक्टर को भेजा गया है और आगे का निर्णय प्रशासन के निर्देश पर होगा।
संचालक पक्ष का जवाब, आरोप निराधार
वहीं पेट्रोल पंप संचालक से संपर्क करने पर उनके कर्मचारियों ने बताया कि पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी है।संचालक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है और जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव मिलने के बाद अब हत्या, आत्महत्या या किसी साजिश—इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।