दमोह जिले में लगातार हुई बारिश के बाद रविवार को नदी, नाले उफान पर रहे और कई मार्ग बंद रहे। सोमवार को बारिश थमने से सभी मार्ग खुल गए, लेकिन तेंदूखेड़ा के समीप हिरण नदी उफान पर होने से दमोह ,जबलपुर मार्ग बंद रहा। सोमवार की दोपहर तक तेंदूखेड़ा और पाटन पुलिस के अनुसार हिरन नदी के पुल पर पांच फुट पानी था, इसलिए यह मार्ग पूरी तरह बंद किया गया। करीब 40 से अधिक यात्री बसें बंद रहीं। सुरक्षा दृष्टि के हिसाब से दमोह और जबलपुर जिले की पुलिस ने अपने, अपने क्षेत्र में इसकी सूचना दे दी है।
लगाये बेरिकेड
हिरन नदी बहुत बड़ी नदी है, जो बहती तो जबलपुर जिले की सीमा से है, लेकिन पाटन के समीप इसी नदी के ऊपर बनाये गये पुल से दमोह और तेंदूखेड़ा क्षेत्र के वाहनों का आवागमन होता है। जानकारी के अनुसार हिरन नदी पर बारिश के पानी का असर ज्यादा नहीं होता, लेकिन जब बरगीडेम का पानी छोड़ा जाता है, उसके बाद इस नदी का जलस्तर बढ़ता है। रविवार, सोमवार को बरगी डेम का जलस्तर बढ़ने के बाद गेट खोले गये थे, जिसके बाद हिरन नदी का जलस्तर बढ़ा और रविवार की शाम लगभग पांच बजे पुल पर पानी आ गया। तेंदूखेड़ा पुलिस ने रात्रि में ही हिरन नदी का पुल डूबने की जानकारी लगते ही 27 मील पर चेक पोस्ट पर बैरिकेड लगवा दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। वहीं दूसरी और जबलपुर जिले के पाटन थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ बैरिकेड लगवाये।
बसों की लगी लाइन
तेंदूखेड़ा का 90 प्रतिशत व्यापार जबलपुर से चलता है। शनिवार और रविवार हुई बारिश के कारण व्यापारी जबलपुर नहीं गये और रविवार की शाम को हिरन का पुल डूब गया। जिसके बाद तीन दिन से व्यापार के रूप में सामग्री नहीं आ पाई। सब्जियों के दाम भी पुल आने के दूसरे दिन ही बड़ गये। क्योंकि व्यापरियों के साथ सब्जी विक्रेता सभी सामग्री की खरीदी जबलपुर से करते है। वहीं यात्री भी जबलपुर जाने के लिए दोपहर तक पुल उतरने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुल नहीं उतरा।
उसके बाद कुछ लोग तो मार्ग बदलकर जबलपुर गये, लेकिन बाकी रुक गये दमोह से जबलपुर और जबलपुर से प्रतिदिन 40 से ज्यादा यात्री बसे चलती है जो सोमवार को नहीं चली। कुछ बसे जबलपुर में खड़ी है कुछ दमोह से नहीं आई और जो आई वह तेंदूखेड़ा बस स्टैंड पर खड़ी हो गई। क्योंकि पुल पर बड़ी मात्रा में दोपहर के बाद तक पानी भरा हुआ था।
हिरन नदी पाटन थाना जिला जबलपुर की सीमा में आती है। अब पुल डूब गया है तो इसके एक और तेंदूखेड़ा पुलिस सुरक्षा की दृस्टि से मौजूद है तो दूसरी और पाटन पुलिस खड़ी है। तेंदूखेड़ा टीआई विजय अहिरवार ने बताया की हिरन नदी के पुल पर पानी होने के कारण 27 मील पर बैरिकेड लगवाकर पुलिस मौजूद है। जो वाहन जा रहे है उनको रोकने का कार्य किया जा रहा है। पाटन टीआई नबल आर्या ने बताया की हिरन नदी पुल पर पांच फुट पानी है। जबलपुर से जाने बाले वाहनों पर रोक लगाई जा रही है।