दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई को गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में यह विवाद हुआ था। मंगलवार को हुई इस घटना में पुलिस ने बुधवार को आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया। मृतक ओंकार आदिवासी और उसका छोटा भाई टिंकू के बीच आए दिन विवाद होते रहते थे।
एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन के अनुसार, घटना की रात आरोपी टिंकू शराब के नशे में था। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में आकर टिंकू ने अपने बड़े भाई ओंकार पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह उसका शव घर के बाहर मिला था। घटना के तुरंत बाद से ही पुलिस को छोटे भाई पर शक था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें दोनों भाइयों के बीच लगातार झगड़ों की पुष्टि हुई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे बुधवार को ब्यारमा नदी के पुल के नीचे से गिरफ्तार किया। जब पुलिस ने आरोपी टिंकू से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि वह रोज के झगड़े से परेशान हो गया था।
सोमवार की रात पुनः विवाद हुआ और जिसमें ओमकार पर लाठी से हमला किया था, जिसमें वह बेहोश हो गया और मंगलवार सुबह उसकी मौत होने की जानकारी लगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।