ब्रेकर पर पुताई करते टीम के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्टेडियम के के सामने स्पीड ब्रेकर होने के बाद भी लगातार सड़क हादस हो रहे हैं। जिन्हें रोकने के लिए बालीवुड सिनेमेटोग्राफर हरीश पटेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर सराहनीय पहल शुरू की है। रविवार की रात इन लोगों ने स्पीड ब्रेकर्स पर सफेद रंग का पेंट कर वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की। दूर से ही ब्रेकर दिखने के कारण वाहन चालक अपने आप वाहन धीमा करते दिखाई दिए।
बता दें स्टेडियम वाले इस मार्ग पर काफी सड़क हादसे होते थे। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर्स बनाए गए थे, जिनकी ऊंचाई काफी अधिक थी।इन ब्रेकर पर कोई पट्टी या संकेतक नहीं होने के कारण वाहन चालकों को इनकी जानकारी नहीं हो पाती थी, जिससे सड़क हादसे हो रहे थे। लोग लगातार प्रशासन से इन ब्रेकर पर कोई संकेतक लगाने की मांग कर रहे थे, लेकिन सुधार नहीं हुआ। इस समस्या को देखते हुए अधिवक्ता श्याम विश्वकर्मा, बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के सिनेमैटोग्राफर हरीश पटेल जो इस समय दमोह में ही हैं। पेंटर संजू रजक और उनके कुछ साथियों ने यह सामाजिक पहल की।
दुकानदार बोले हमारे सामने होते हैं हादसे
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, स्पीड ब्रेकर्स पर रंग किए जाने के बाद वाहन चालक अपनी गाड़ियां धीमी कर लेते हैं। पहले, तेज गति से गुजरने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसों का कारण बनते थे, क्योंकि स्पीड ब्रेकर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते थे।
सफेद पेंट देख वाहन चालक सतर्क
सिनेमाटोग्राफर हरीश पटेल ने कहा कि प्रशासन हर जगह सभी कार्य पूरे नहीं कर सकता। इसलिए नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इस मार्ग के अलावा जहां भी ऐसे स्पीड ब्रेकर होंगे वहां सफेद रंग किया जाएगा। अधिवक्ता श्याम विश्वकर्मा ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए सभी को सतर्क रहना और सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। रात में यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों ने इस कार्य की सराहना की और दमोह की पूरी टीम को बधाई दी।