दमोह शहर के सर्किट हाउस की पहाड़ी पर बुधवार दोपहर निर्भया मोबाइल टीम को समुदाय विशेष का युवक एक नाबालिग लड़की के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसे कोतवाली लाया गया। युवक पर पुलिस ने अपहरण, पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोतवाली टीआई आनंद राज ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली थी कि सर्किट हाउस की पहाड़ी पर एक युवक किसी लड़की के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया है। पुलिस मौके पर पहुंची, उसके कुछ देर बाद नाबालिग लड़की के पिता भी वहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वह हिंडोरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपी युवक वयस्क है, वह भी हिंडोरिया का है। जो नाबालिग को बहला फुसलाकर सर्किट हाउस ले गया था। लड़की के पिता की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपहरण, छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और अन्य कई धाराओं में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
टीआई ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी अपना नाम राजेश बता रहा था। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना नाम आमिर खान बताया। बता दें, सर्किट हाउस पहाड़ी पर इसी तरह स्कूल, कॉलेज में पढ़ने वाले युवक-युवती घूमने पहुंच जाते हैं। कुछ दिन पहले ही निर्भया मोबाइल टीम ने कुछ मजनुओं को पकड़कर उनसे उठक बैठक लगवाई थी। यहां लगातार पुलिस घूमती रहती है, इसके बाद भी युवक-युवती घूमने पहुंच जाते हैं।
पुलिस को देख अवैध शराब से भरा वाहन छोड़ भागा चालक
देहात थाना की सागर नाका चौकी पुलिस ने अवैध शराब से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा है। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सरदार पटेल ओवरब्रिज के नीचे से बड़ी मात्रा में पिकअप वाहन में अबैध शराब आ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी दमोह देहात एवं सागर नाका चौकी प्रभारी नीतेश जैन द्वारा टीम का गठन किया गया। कार्रवाई के लिए उत्सव विलास होटल के सामने चेकिंग लगाई गई।
सागर की ओर से एक पिकअप वाहन आता दिखा। पुलिस को देखकर वाहन चालक तेज गति से वाहन लेकर भागने लगा एवं सतखडिया मुहल्ला में मौके पर गाड़ी छोड़कर खेत में भाग गया। घटना स्थल पर वाहन को चेक किया गया, जिसमें 64 पेटी अवैध शराब मिली। इसकी कीमत करीब 34,940 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त वाहन कीमत करीबन 4,00,000 रुपये हैं। कुल मशरुका 4,74,940 रुपये का जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।