वायरल वीडियो में शराब की बोतल और कुछ लोग बैठे नजर आ रहे हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के सरकारी अस्पताल इस समय सुर्खियों में बने हुए हैं। अब तेंदूखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र में शराब पार्टी का वीडियो सामने आया है। मामले की शिकायत एक मरीज ने एसडीएम और मुख्यमंत्री से कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 8 निवासी शिकायतकर्ता जागेश्वर प्रसाद तिवारी ने बताया कि एक दिन पहले उन्हें सीने में तेज दर्द था, जिसके इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टर सहित कोई भी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं था। तिवारी का आरोप है कि थोड़ी देर बाद मुकेश पटेल नामक स्वास्थ्य कर्मी उनके पास पहुंचा जो शराब के नशे में था तब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत बताई।
तिवारी का कहना है कि इसके बाद एक डॉक्टर भी वहां पहुंच गए। जब मैंने उन्हें किसी के न होने की बात कही तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। तिवारी का आरोप है कि सभी लोग शराब के नशे में थे। वे वहां से वापस आ गए और तेंदूखेड़ा एसडीएम को मामले की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी एक पत्र लिखा है और कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया जाता है कि तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में रात के समय कर्मचारी शराब पार्टी करते हैं इसी दौरान किसी ने उनका यह वीडियो बना लिया। अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में यह स्पष्ट नहीं है कि कौन से कर्मचारी शराब पी रहे हैं, लेकिन टेबल पर शराब को बॉटल रखी दिख रही है और पास में कुछ लोग बैठे हैं। मामले में जिम्मेदार वीडियो नहीं देखने की बात कह रहे हैं।
बता दें कि हाल ही में दमोह के सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान रुपये मांगने का मामला भी सामने आया था। वहीं अब तेंदुखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में शराब पार्टी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के हाल बयां कर रहा है।