दो दिन पहले फवारा चौक में हुई एक युवक की हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपियों का मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने जुलूस निकाला। कोतवाली टीआई उमेश गोलानी और उनकी टीम मुख्य आरोपी हैदर अली और गोटिया खान सहित अन्य आरोपियों को पैदल कोतवाली से न्यायालय तक लेकर गई।
लंबे समय के बाद कोतवाली पुलिस ने किसी बदमाश का जुलूस निकाला है। दो दिन पहले हैदर और गोटिया खान ने फव्वारा चौक पर देर रात अपने एक साथी शंबू पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में तत्काल आरोपियों की एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी हैदर अली, संत कुमारी, गोटिया खान और एक नाबालिग पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296, 115(2), 351 (2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
उठे थे पुलिस व्यवस्था पर सवाल
इस हत्याकांड के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठे थे। थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुए इस हत्या के बाद यह आरोप लगे थे कि पुलिस शहर में सही तरीके से गश्त क्यों नहीं कर रही है। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया है।