मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक अधेड़ की हत्या में नाबालिग का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि अननेचुरल संबंधों को लेकर विवाद हुआ फिर नाबालिग ने अधेड़ के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए अधेड़ के शव को बांधकर पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय परसराम (परिवर्तित नाम) घुवारा बस स्टैंड पर मिठाई की दुकान चलाता था। शनिवार शाम आरोपी बालक एवं परसराम मोटरसाइकल से नदीखेरा से निकली बछेड़ी नदी के पास बने स्टॉपडैम पर गए थे, जहां किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जिस पर आरोपी बालक ने परसराम को सिर में पत्थर मार दिया। परसराम वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी बालक ने साक्ष्य छिपाने मृतक के हाथ पांव-बांध कर उसे पानी में धकेल दिया और उसकी मोटरसाइकल लेकर घटना स्थल से बड़ागांव धसान की ओर निकल गया। जहां उसने अमरपुर के पास सड़क किनारे खेत मे बने खण्डहर में मोटरसाइकल को छिपा दिया और तकरीबन रात 12 बजे अपने घर आ गया।
उधर परसराम के घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज करा दी। घुवारा उपथाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में पूछताछ की तो पता लगा कि एक नाबालिग रात 11 बजे परसराम की मोटरसाइकल लेकर पेट्रोल लेने गया था। पुलिस को शक हुआ और नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो यहां-वहां की बातें बनाई फिर जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी बताई जगह से पुलिस ने शव भी बरामद कर लिया। शव अर्धनग्न हालत में मिला, जिसके हाथ-पैर बंधे थे।