छतरपुर: गौवंश को ठंड से बचाने खिलाए लड्डू
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेशभर में शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इंसानों के साथ ही मूक पशु भी मौसम की मार झेल रहे हैं। जिले में गौवंश को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए गौ सेवा परिवार की टीम ने अभिनव पहल शुरू की है। सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले मूक पशुओं को ठंड से बचाने के लिए उन्हें गुड़ के लड्डू खिलाए जा रहे हैं। गौ सेवा परिवार की टीम मूक पशुओं को कपड़े लपेटकर और अलाव जलाकर ठंड से बचाने का प्रयास भी कर रही है। टीम के सदस्य देर रात तक गायों को लड्डू खिलाते हैं ताकि वो कड़ाके की ठंड का सामना कर सकें। टीम अब तक जिले की 100 से ज्यादा गायों को गुड़ के लड्डू खिला चुकी है। गौ सेवा परिवार जनसहयोग से जिले में यह अभियान चला रहा है, जो कि आगे भी जारी रहेगा। लोग गुड़ और पैसों के रूप में टीम को सहयोग कर रहे हैं। गौ सेवा परिवार ने दान राशि जमा करने के लिए फोन पे नंबर भी जारी किया है, और लोगों से गौवंश को बचाने के लिए सहयोग राशि देने की अपील की है।