छतरपुर में एक 20 वर्षीय युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है, युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां ट्रामा वार्ड में उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार घटना छतरपुर के सौंरा गांव के तालाब की है। विशाल राय (उम्र 20 साल) अपने 4 दोस्तों के साथ शाम के समय तालाब किनारे घूमने गया था। इसी दौरान युवकों पर किसी ने गोली चला दी जो कि विशाल के पैर में जाकर लगी जिससे वह मौके पर ही गिर गया। चारों ओर देखने पर अंधेरे में कोई नजर नहीं आया। घटना के बाद युवक के दोस्त उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए और भर्ती कराया। घायल युवक के आरोप पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर गोली चलाने का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।