ऐमागिर्द क्षेत्र में स्थित इच्छेश्वर हनुमान मंदिर ट्रस्ट और बोहरा समाज के दरगाह-ए-हकीमी ट्रस्ट के बीच लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद एक बार फिर गरमा गया है। बुरहानपुर पहुंचे बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल बोहरा से मुलाकात कर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अपना पक्ष सामने रखना चाहते हैं। मंदिर पक्ष का कहना है कि दरगाह-ए-हकीमी ट्रस्ट के पदाधिकारी हर बार सैयदना साहब से भेंट कराने का आश्वासन तो देते हैं लेकिन कभी मुलाकात नहीं करवाते।
मुलाकात कराने की मांग
मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि राकेश तिवारी ने स्पष्ट किया कि इच्छेश्वर हनुमान मंदिर और वहां तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह से सरकारी भूमि पर स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया कि दरगाह-ए-हकीमी ट्रस्ट के जिम्मेदार लोग इस वास्तविक स्थिति को सैयदना साहब तक नहीं पहुंचने दे रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट के पास अपने दावों की पुष्टि के लिए सभी आवश्यक और आधिकारिक दस्तावेज मौजूद हैं।
अदालतों में गलत तथ्य पेश करने का आरोप
राकेश तिवारी ने बताया कि दरगाह-ए-हकीमी ट्रस्ट यह दावा करता रहा है कि वर्ष 1970 के पश्चात हिंदुओं ने उस स्थान पर अतिक्रमण किया है। हालांकि, सरकारी अभिलेखों की स्थिति इससे भिन्न है। वर्ष 1868, 1951, 1952 और 1955 के स्थान पत्रक सहित आज तक के विभिन्न शासकीय दस्तावेज में हनुमान जी, भैरव बाबा और माता जी का स्पष्ट उल्लेख मिलता है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: प्रशंसक करते रहे 56 दुकान पर इंतजार, दिलजीत ने होटल में खा लिए इंदौरी पोहे
मंदिर ट्रस्ट का आरोप है कि दरगाह-ए-हकीमी ट्रस्ट विवादित जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय और जिला अदालत में भ्रामक व गलत तथ्य प्रस्तुत कर रहा है। तिवारी ने कहा कि बोहरा समाज के धर्मगुरु सदैव न्याय और सत्य का समर्थन करते हैं। इसलिए मंदिर ट्रस्ट चाहता है कि बोहरा समाज के आम लोग भी आगे आएं और इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति को समझें।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद होगी समीक्षा
मंदिर ट्रस्ट के इन गंभीर आरोपों और धर्मगुरु से मुलाकात की मांग पर दरगाह-ए-हकीमी के उप प्रबंधक शेख मुस्तुफा उज्जैनी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन चल रहा है और सैयदना साहब स्वयं वहां उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा प्रबंधन धार्मिक आयोजनों में व्यस्त है। कार्यक्रम पूर्ण होने के पश्चात ही इस पूरे मामले पर विचार किया जाएगा और आगे की स्थिति देखी जाएगी।