जांच करने बंभाड़ा गांव पहुंचीं वन विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के चांदगढ़ डैम के पास शुक्रवार और शनिवार की दरमियान किसी वन प्राणी ने गोवंश पर हमला कर दिया। इस हमले में किसान राजेश रमेश भोपले की तीन गायों के बछड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, एक खूंखार वन प्राणी ने गायों के बछड़ों पर हमला किया और उन्हें मार डाला। उसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। इस हमले से इलाके के लोग खासे परेशान हैं और डर के साए में हैं। पीड़ित किसान ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है। उसे जल्द से जल्द मुआवजा देने की अपील की है।
वहीं, वन विभाग के डिप्टी रेंजर अरुण सातव ने बताया कि उन्हें गांव में वन्य प्राणी के हमले की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया है। अरुण सातव ने कहा कि यह एक खूंखार वन प्राणी का हमला था और इस कारण मुनादी कराकर लोगों से अपील की गई है कि वे सामूहिक रूप से खेतों में जाने से बचें।
वन विभाग ने क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। इस दौरान वन विभाग की टीम में रेंजर संजय मालवीय, डिप्टी रेंजर अरुण सातव, बृजलाल निंभोरकर, नंदलाल सोनवणे, अभिषेक शर्मा और सुरक्षा श्रमिक रहमान तड़वी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।