मध्य प्रदेश में 21 जून से शुरू हुई बारिश का सिलसिला अब थमता नजर आ रहा है। मंगलवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप खिली रही, वहीं कुछ जिलों में बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव नहीं है। इस वजह से अगले 5 दिन प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट नहीं है। इधर बारिश के थमते ही गर्मी ने अपना असर दिखना शुरू कर दिया है। मंगलवार को खजुराहो में सबसे ज्यादा 36.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। भोपाल, ग्वालियर समेत 35 जिलों में तेज धूप निकलने का अनुमान है। प्रदेश में 5 अक्टूबर से मानसून की विदाई होने की संभावना जताई गई है।
जाने प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। मंगलवार को सबसे ज्यादा खजुराहो का तापमान दर्ज किया गया है यहां 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में तापमान की बात करें तो भोपाल में 34.2 डिग्री, इंदौर में 32.5 डिग्री, उज्जैन में 34.5 डिग्री, ग्वालियर में 35.8 डिग्री, जबलपुर में 34.2 डिग्री रहा। वहीं, टीकमगढ़-नर्मदापुरम में भी टेम्प्रेचर 35 डिग्री दर्ज किया गया।
मानसून जहां सबसे लेट पहुंचा वहीं से होगी विदाई
एमपी में 21 जून को मानसून एंटर हुआ था और अगले एक सप्ताह में पूरे प्रदेश में एक्टिव हो गया था। ग्वालियर-चंबल में यह सबसे लेट पहुंचा था, लेकिन विदाई इन्हीं जिलों में सबसे पहले होगी। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून 5 अक्टूबर के बाद एमपी से विदाई लेने लगेगा। ग्वालियर-चंबल में सबसे पहले इसकी विदाई का अनुमान है।प्रदेश में अब तक 44.1 इंच बारिश हो चुकी है, जो मानसून के सामान्य कोटे 37.3 इंच के मुकाबले 18 प्रतिशत अधिक है।
मौसम विभाग ने पहले ही कहा था इस वर्ष अच्छी होगी बारिश
मौसम विभाग ने इस वर्ष प्रदेश में 106% बारिश होने की संभावना जताई थी। उसी के अनुसार बारिश हुई है। रीवा जिले को छोड़कर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के मामले में जबलपुर संभाग सबसे आगे है। मंडला जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां 60.6 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। सिवनी में 56.8 इंच पानी गिरा है। श्योपुर, निवाड़ी और राजगढ़ में 52 इंच से अधिक बारिश हुई है। सबसे ज्यादा बारिश वाले टॉप-10 जिलों में भोपाल, सागर, अलीराजपुर, डिंडौरी और छिंदवाड़ा भी शामिल हैं।