मध्य प्रदेश में देश के सबसे बड़े सोने की जब्ती के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। परिवहन विभाग के पूर्व सिपाही सौरभ शर्मा की काली कमाई को लेकर चार एजेंसियां जांच कर रही है। इस बीच, सामने आया है कि उसकी काली कमाई के खजाने की जानकारी लोकायुक्त को उसके करीबियों ने ही दी थी। जानकारी के अनुसार सौरभ का उसके करीबियों से कारोबार को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सौरभ कारोबार में उसके करीबियों की अनदेखी करने लगा था। इससे उसके साथ काम करने वालों के नफरत पैदा हो गई। फिर उन्होंने बदला लेने के लिए सौरभ की शिकायत लोकायुक्त से कर दी। यहीं नहीं उन्होंने ही ईडी को भी मेंडोरी गांव में इनोवा कार 52 किलो सोना और करीब 11 करोड़ रुपए रखे होने की सूचना दी।
बता दें, लोकायुक्त पुलिस ने सौरभ के भोपाल स्थित घर और कार्यालय पर छापेमारी कर 7.98 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए थे। सौरभ के ठिकानों से लोकायुक्त ने करीब 2.85 करोड़ रुपये नगद, 234 किलो चांदी, 50 लाख कीमत के सोने के ज्वेलरी समेत कीमती सामान जब्त किया था। इसी बीच, मेंडोरी गांव से आयकर विभाग ने इनाेवा कार में 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपये नगद जब्त किए थे। यह भी सौरभ का होने की बात सामने आई है।