मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में गुरुवार रात मौसम बिगड़ गया। आंधी व गरज के साथ बारिश हुई। इसी दौरान भोपाल के कोलार इलाके में एक स्कूटर सवार पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान जारी किया था। पूर्वी राजस्थान में सिस्टम और मध्य महाराष्ट्र में चक्रवात की वजह से मौसम में यह बदलाव आया। इसी दौरान भोपाल में आंधी के साथ कुछ देर तेज बारिश हुई। इस बीच कोलार में राह चलते स्कूटर सवार पर आकाशीय बिजली गिर गई। उसके सिर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास चल के लोग हैरान रह गए। पुलिस ने बुरी तरह झुलसे व्यक्ति को हमीदिया अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दो घंटे से ज्यादा बारिश, बिजली गुल
भोपाल में शाम पांच बजे के बाद से मौसम बिगड़ा। इसके बाद काले बादल छाए और बिजली चमकना शुरू हो गई। कई इलाकों में ओले गिरने की भी खबर है। दो घंटे से ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मप्र के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। 19 मार्च को पश्चिमी व पूर्वी मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है।
कटी फसलों को होगा नुकसान
बेमौसम बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में कट चुकी रबी की फसलें खराब हो सकती हैं। दरअसल बीते दो-तीन दिनों से प्रदेश में गर्मी बढ़ने लगी थी। इसके बाद बादल छाने लगे और गुरुवार को आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। खेतों में खड़ी फसलें व खलिहानों में पड़ी उपज को बारिश व ओलावृष्टि से नुकसान पहुंच सकता है।