भोपाल में मासूम के साथ दुष्कर्म केस का आरोपी एक बुलेट राइडिंग ग्रुप का सक्रिय सदस्य है। उस ग्रुप के सदस्यों ने ही अब कासिम को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। जिस स्कूल में यह घटना घटी है, उस स्कूल को सील है। उसकी मान्यता निरस्ती की तैयारी है। पुलिस द्वारा अदालत में प्रस्तुत चालान में आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों सहित होने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई करेगा। स्कूल सील होने के बाद उसमें पढ़ने वाले करीब ढाई हजार छात्रों के अभिभावक परेशान हैं, प्रतिदिन बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन से मिलकर टीसी की मांग कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उस स्कूल में पढ़ने वाले सभी छात्रों के भविष्य का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
मान्यता निरस्त होती है तो सभी छात्रों को वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सात दिन में चालान प्रस्तुत करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। सात दिन में चालान प्रस्तुत करने एएसपी के नेतृत्व में जांच कर रही एसआईटी आरोपी के निशातपुरा स्थित घर पहुंचकर परिजनों, दोस्तों और पड़ोसियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। संभावना जताई जा रही है कि एसआईटी सोमवार 23 सितंबर को कासिम के खिलाफ कोर्ट में चालान प्रस्तुत कर सकती है।
सीएम ने कहा- फास्ट ट्रैक में चलाएं मामला
मामला सुर्खियां बनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य सचिव वीरा राणा से बात कर कहा कि वे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से बात करें और आग्रह करें कि इस मामले को जघन्यतम अपराध मानते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रकरण चलाने की कार्रवाई कराए।
एसआईटी कर रही जांच
सीएम के निर्देश के बाद पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र ने एएसपी महिला अपराध निधि सक्सेना के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। एसआईटी में कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पाण्डेय व दो अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
एसडीएम के नेतृत्व में हो रही स्कूल की जांच
भारी विरोध और प्रदर्शन के बाद कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने स्कूल को सील कराने के साथ एसडीएम के नेतृत्व में स्कूल की जांच के लिए टीम गठित की है। कलेक्टर की टीम में टीटी नगर एसडीएम डॉ. अर्चना शर्मा, महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी सुनील सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार और शिक्षा केंद्र के जिला समन्वयक ओमप्रकाश शर्मा शामिल हैं। यह समिति आजकल में कलेक्टर को स्कूल में छात्रों के सुरक्षा, स्कूल प्रबंधन की लापरवाही, मासूम की मां की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ एक्शन नहीं लेने सहित विभिन्न बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसी रिपोर्ट और पुलिस के चालान के आधार पर ही जिस स्कूल के आईटी टीचर ने 3 साल की मासूम छात्रा के साथ दरिंदगी की है, उस स्कूल की मान्यता निरस्त की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित निजी विद्यालय के आईटी टीचर कासिम रेहान (33) ने 3 साल की मासूम के साथ स्कूल के बाथरूम में दरिंदगी की। आरोपी मासूम के साथ कई बार इस तरह की हरकत की थी, पहले भी मासूम की मां ने बच्ची के प्राइवेट पार्ट में खरोंच देखा था, लेकिन उसे लगा कि जलन के कारण मासूम ने स्वयं खरोंच मारा होगा। लेकिन 13 सितंबर को स्कूल से बच्ची घर पहुंची तक ड्रेस उतारते समय हल्की ब्लीडिंग और खरोंच के बाद दिखने पर मासूम से मां को बताया कि टीचर कासिम सर गंदी हरकत करते हैं।
इसके बाद मां ने 13 को स्कूल पहुंचकर शिकायत की, जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने से 13 को फिर स्कूल जाकर उसने शिकायत की, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई हो मासूम की मां ने सोमवार को स्कूल खुलने का इंतजार किया। स्कूल खुला और कासिम रेहान पहले की तरह ही स्कूल आया तो मासूम की मां कमला नगर थाने जाकर प्रकरण दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं।