साधु की वेशभूषा, कंधे पर काला थैला और उसके भीतर गांजे की खेप। धार्मिक स्थल के आसपास सामान्य व्यक्ति की तरह घूम रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग की असलियत पुलिस की तलाशी में सामने आई। थैले से नारंगी पॉलीथिन में छिपाकर रखा करीब एक किलो गांजा बरामद हुआ। कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनुआभान टेकरी स्थित शनि मंदिर के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही कोहेफिजा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति साधु के भेष में कंधे पर काला थैला टांगकर मंदिर की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो थैले में नारंगी पॉलीथिन के अंदर गांजा मिला।
बैरागढ़ का निवासी निकला आरोपी, सप्लाई नेटवर्क की जांच
पूछताछ में आरोपी की पहचान आनंद विश्वकर्मा उर्फ आनंदी बाबा (62), निवासी बैरागढ़ गांव कलां, फूलबगिया के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक किलो गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे करने वाला था। साथ ही उसके संपर्कों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।