बैलूत में हवालात में बंद दुष्कर्म के आरोपी पिता ने जान देने की कोशिश की.
- फोटो : अमर उजाला
मुलताई थाने में पदस्थ अधिकारी ने बताया कि हिरासत के दौरान आरोपी ने हवालात में कंबल का सहारा लेकर फांसी लगाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे देख लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है और जरूरत पड़ने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि मुलताई थाना क्षेत्र में 112 पर एक महिला ने कॉल कर सूचना दी कि उसका पति अपनी 10 साल की बेटी के साथ गलत काम करता है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत गांव पहुंची और बच्ची व उसकी मां को थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस ने देर रात आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसके साथ पिछले कुछ समय से दुष्कर्म किया जा रहा था।
हिरासत में लेने के बाद आरोपी ने लॉकअप में कंबल फाड़कर फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते देख लिया और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की जांच जारी है।