बड़वानी में दर्दनाक हादसे ने 3 की मौत हो गई, वहीं 6 लोग घायल हो गए
गुरुवार देर रात बड़वानी से गुजर रहे मुंबई-आगरा मार्ग पर ग्राम बरूफाटक और ठीकरी के बीच एक बाइक और पिकअप वाहन आमने-सामने टकरा गए। ठीकरी थाना पुलिस के मुताबिक हादसा घोलनिया फाटे (गोलानिया फाटा कट पॉइंट, एबी रोड) के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला पहिया निकलकर दूर जा गिरा।
पुलिस के अनुसार बाइक नंबर एमपी 46 एमएच 6678 पर सवार दो युवक ठीकरी से जुलवानिया की ओर जा रहे थे। वहीं पिकअप वाहन एमपी 42 जी 1559 बरूफाटक से ठीकरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
ये भी पढ़ें-
ट्रेन में शराब की तस्करी, यूपी और गुजरात के दो युवक 148 लीटर शराब व बियर के साथ गिरफ्तार
दो युवक और एक महिला की मौत
हादसे में बाइक सवार विनोद मुजाल्दे (19) और राजेश मुजाल्दे (22) की मौत हो गई। दोनों बालकवाड़ा के रसवां गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं पिकअप सवार महिला रोशनी सस्ते (20), निवासी समरतलाई, थाना ठीकरी ने भी दम तोड़ दिया।
दो गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
पिकअप पलटने से उसमें सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें रोशनी डावर (19), निवासी समरतलाई और केसरी बाई पति सोनू (42), निवासी समरतलाई शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। हादसे में ललिता डावर (17), निवासी समरतलाई, शर्मिला (30), निवासी रूपखेड़ा, हीरालाल लाल (30), निवासी रूपखेड़ा और बबलू सिंह (18), निवासी रूपखेड़ा को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि पिकअप में करीब सात लोग सवार थे, जो राजपुर से मकान की छत भरकर रसगांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही ठीकरी स्वास्थ्य केंद्र पर मृतकों और घायलों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई।