बड़वानी जिले में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर देर रात पथराव की घटना सामने आई है। वरला थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हमले में गन शॉट की आशंका जताते हुए फॉरेंसिक जांच की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बड़वानी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर देर रात हुए पथराव से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना वरला थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। रावत के बेटे ने आशंका जताई है कि पापा के वाहन पर गन शॉट से हमला किया गया है। उन्होंने फॉरेंसिक जांच की मांग की है। बता दें, रावत प्रदेश कांग्रेस महासचिव भी है।
विज्ञापन
मोहनपड़ावा गांव के पास हुआ पथराव
सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात ग्यारसीलाल रावत अपने चालक के साथ सेंधवा से गृह ग्राम हिंगवा लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनपड़ावा गांव के समीप वन विभाग की नर्सरी के पास अचानक उनके वाहन पर पथराव किया गया।
जानकारी के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि चालक कुछ समझ पाता उससे पहले वाहन पर पत्थर आकर लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि पूर्व विधायक और चालक दोनों सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
विज्ञापन
पुलिस जुटी जांच में, परिजनों ने उठाए सवाल
एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि क्षेत्र में देर रात कभी-कभार पथराव की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमला विशेष रूप से पूर्व विधायक को निशाना बनाकर किया गया या यह सामान्य शरारती घटना थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। वरला टीआई नारायण रावल ने बताया कि शिकायती आवेदन पर जांच शुरू की गई है।
गन शॉट से हमला
पूर्व विधायक के पुत्र राकेश रावत ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह सामान्य पथराव नहीं लगता। राकेश ने कहा कि वाहन पर लगी चोट को देखते हुए ऐसा नहीं लगता कि यह पत्थर से हमला किया गया हो। राकेश ने गन शॉट से हमले की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। राकेश रावत ने 29 मई को वरला थाने के घेराव की घोषणा भी की है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि ग्यारसीलाल रावत कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं और वे वर्ष 1993, 1998 तथा 2018 में सेंधवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में उनके वाहन पर हुए पथराव के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।