ठेले में वृद्ध का शव लेकर जाते स्थानीय
- फोटो : अमर उजाला
बड़वानी जिले के बस स्टैंड के पास भीख मांगकर जीवन यापन करने वाले एक वृद्ध को मौत के बाद शव वाहन भी नसीब नहीं हो सका। धार जिले के बालमुकुंद कुमरावत का मंगलवार सुबह अज्ञात कारणों से निधन हो गया। स्थानीय लोगों ने मौत की सूचना स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका और पुलिस को दी। लेकिन सूचना के 5 घंटे बीत जाने के बाद भी किसी ने सुध नहीं ली। जब घंटों इंतजार के बाद भी कोई नहीं आया तो स्थानीय नागरिकों ने समाज सेवी अजीत जैन की मदद से लाश को ठेले पर रखकर पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार मृतक बीते 3 सालों से जिले के बस स्टैंड के पास भीख मांगकर अपना भरण पोषण करता था। उसकी दो बेटियां हैं, जिन्हें मौत की सूचना दे दी गई हैं। मृतक की उम्र 70 वर्ष थी। मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।