अनूपपुर में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना प्रभारी राजेंद्र ग्राम वीरेंद्र बरकडे ने बताया कि ट्रक क्रमांक एमपी 65 जीए 1038 जो कि राजेंद्र ग्राम की ओर से अमरकंटक की ओर जा रहा था। वहीं दो पहिया वाहन में सवार तीन युवक बाइक से राजेंद्रग्राम की ओर आ रहे थे। जहां बसनिहा तिराहे के पास ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें करण रौतेल 18 वर्ष, पप्पू कोल 24 वर्ष दोनों निवासी ग्राम उमनिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं बाइक में सवार लोचन कोल उम्र 23 वर्ष निवासी उमनिया गंभीर रूप से घायल है। जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्र ग्राम में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने ट्रक वाहन सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि तीनों युवक अपने गांव से राजेंद्र ग्राम धनतेरस पर बाजार करने के लिए आ रहे थे, जहां दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
काफी तेज रफ्तार से जा रहा था ट्रक
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक काफी तेज रफ्तार में जा रहा था, जिसमें पत्थर लोड था और इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने ठोकर मार दी, जिसके कारण मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक की हालत गंभीर है, जिसे चिकित्सालय में दाखिल कराया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक सहित चालक को किया गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही राजेंद्र ग्राम थाना प्रभारी वीरेंद्र बरकड़े मौके पर जा पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रक वाहन चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही घायल को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया।