वह स्थान जहां पर सड़क दुर्घटना घटित हुई
नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों में पिछले पांच दिनों के अंदर हुई तीन मौतों ने सड़क सुरक्षा के दावे की पोल खोल दी है। शुक्रवार को कोयले से लोड ट्रक की चपेट में आने से दो पहिया वाहन सवार अजय चौधरी (20) पिता महेश चौधरी निवासी पयारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक के मौत की खबर सुनते ही हाईवे पर भारी भीड़ लग गई।
तेज रफ्तार से दौड़ाने वाले खनिज वाहन चालक के प्रति आक्रोश देखा गया। मामले की गभीरता देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान, एसडीओपी आरती शाक्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। एसपी ने पुलिस टीम को हाईवे पर नियमित गश्त करने के निर्देश देते हुए तेज गति से चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटना के बाद कोयला लोड ट्रक वाहन क्रमांक सीजी 04 पीसी 7751 को जब्त कर लिया, वहीं शव पंचनामा कर पीएम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
घटना के बारे मे बताया जाता है कि अजय चौधरी दो पहिया वाहन से पयारी से अनूपपुर की ओर जा रहा था। उसके आगे ट्रक भी कोतमा से अनूपपुर दिशा की ओर जा रहा था। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक के सिर से अधिक खून बहने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से शव को अस्पताल भिजवाया गया।
पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
हाल में ही फुंनगा चौकी अंतर्गत तेज रफ्तार कार चालक ने 9 वर्षीय मासूम प्रिंसी नामदेव को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। दूसरे मामले में कोतमा थाना अंतर्गत केशवाही चौक हाईवे के पास कोयले से लोड तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 32 वर्षीय पवन चौधरी की भी दर्दनाक मौत हो गई थी।