घटनास्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंची एसडीओपी कोतमा
- फोटो : अमर उजाला
अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन विवाद में हत्या का मामला सामने आया है। दो पक्ष के बीच काफी दिनों से जमीन विवाद चल रहा था, जिसके बाद घर के बुजुर्ग का शव खेतों में संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसके बाद परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए हैं।
थाना अंतर्गत मुडधवा गांव में रहने वाले 75 वर्षीय संपत महरा का शव शुक्रवार की सुबह खेत के पास बने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने जमीन विवाद पर यादव परिवार के कई लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए आक्रोशित नजर आए। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद भी चल रहा है।
परिजनों ने गांव के ही दूसरे पक्ष से जमीन विवाद होने के कारण मार डालने का आरोप लगाया गया। सूचना पर एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंचते हुए घटना स्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए शव पीएम के लिए भिजवाया गया। आधा दर्जन से ज्यादा संदेहियों से पूंछताछ की जा रही है। घटना के बारे में बताया जाता है कि कोदे महरा 47 वर्ष ने लेदरा रोड के समीप अपने खेत में निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसका गांव के ही रामभजन यादव से जमीन विवाद चल रहा है, जिसमें स्टे भी लगवाया गया है।
मामले को लेकर पूर्व में दोनों पक्ष ने थाना में शिकायत भी कर चुके हैं। तहसील न्यायालय से स्टे होने को बाद निर्माण कार्य कराए जाने पर शुक्रवार को विवाद हुआ। सूचना पर पहुंची 100 डायल की टीम दोनों पक्षों को समझाते हुए वापस आ गई। विवाद के कुछ देर बाद कोदे महरा के द्वारा दूसरे पक्ष के खिलाफ थाना पहुंचकर अपने पिता की गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया जाने लगा साथ ही गले से सोने की लॉकेट भी गायब बताई जा रही है। पुलिस मर्ग कायम कर सभी एंगल से जांच की जा रही है।