अमरकंटक चिकित्सालय में भर्ती मरीज
पवित्र नगरी अमरकंटक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को दंपति के साथी 4 वर्षीय बालक को जहरीला पेज खाने से बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया। इन तीनों ने घर में कोदो कुटकी का पेज खाया था।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि धमनी तेकाम और उनकी पत्नी चंद्रावती तेकाम तथा पड़ोसी बालक आयुष ने बुधवार सुबह घर में तैयार कोदो-कुटकी का पेज खाया था। सेवन के लगभग एक घंटे बाद तीनों को उल्टियां, जी मिचलाना और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। यह गांव अमरकंटक क्षेत्र से लगा हुआ है इसलिए स्थिति बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक लेकर पहुंचे, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। तीनों ही मरीज अब खतरे से बाहर हैं, एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है।
ये भी पढ़ें-जिला अस्पताल में हो रही चोरियां, सीसीटीवी नहीं पकड़ पा रहे आरोपियों के चेहरे
डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि महिला को उल्टियां हो रही थीं, पेज शरीर के अंदर तक पहुंच गया था, फिर भी स्थिति सामान्य है। तीनों मरीजों को सतत देखरेख में रखा गया है। भर्ती मरीज धमनी तेकाम ने बताया कि उन्होंने सुबह स्वयं घर पर कोदो-कुटकी का पेज बनाया था। उसी को खाने के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा हमें यह नहीं पता था कि कोदो-कुटकी जहरीला हो गया है। ग्रामीण अंचलों में कोदो-कुटकी किसानों, मजदूरों और श्रमिक वर्ग के भोजन का प्रमुख हिस्सा माना जाता है। यह पोषक और पारंपरिक अनाज सामान्यतः सुरक्षित होता है, परंतु किसी कारणवश इस बार इसका जहरीला होना गंभीर चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अनाज के अनुचित भंडारण या फफूंदजनित संक्रमण के कारण विषैला हो सकता है।