पशु तस्करों से छुड़ाकर कांजी हाउस में रखे गए मवेशी
- फोटो : अमर उजाला
अनूपपुर में रामनगर पुलिस ने 21 नग मवेशियों की तस्करी कर ले जाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में लंबे समय से पशु तस्करी का कारोबार संचालित है। समय-समय पर पुलिस उन पर कार्रवाई भी करती है। लेकिन अब तक यह अवैध कारोबार पूरी तरह से बंद नहीं हो पाया है। कोतमा क्षेत्र में पशु तस्करी के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इस बार भी कोतमा क्षेत्र के रामनगर पुलिस ने ही इस पर कार्रवाई की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मवेशियों को क्रूरतापूर्वक आमाडांड तरफ से ऊरा की ओर ले जा रहे हैं, जिसकी सूचना की तस्दीक पर कार्रवाई की गई। जो मुक्तिधाम के पास पीपरडोल के जंगल आमाडांड में दो व्यक्ति 16 नग भैंस, दो नग पड़िया तथा तीन नग पड़ा को क्रूरता करते हुए लेकर जा रहे थे। जो मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर पकडा गया तथा दोनों लोगों से नाम पता पूछा गया।
इसमें प्रिंस गोंड पिता राम सिंह गोंड उम्र 19 वर्ष, सोनू सिंह गोंड पिता बेचन सिंह उम्र 19 वर्ष दोनों निवासी ग्राम ऊरा ने बताया कि मवेशियों के मालिक रामकुमार साहू निवासी गढी थाना कोतमा एवं लखन गुप्ता निवासी ग्राम ऊरा का बताया। ले जाने की एवज में 400 रुपये देना बताया गया, जिस पर आरोपी प्रिंस गोंड, सोनू सिंह गोंड, राम कुमार साहू एवं लखन गुप्ता के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम, मप्र कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत 21 नग मवेशी कुल कीमती चार लाख 83,000 रुपये को आरोपीगण प्रिंस गोंड एवं सोनू सिंह से जब्त कर मवेशियों को सुरक्षित कांजी हाऊस मलगा के संचालक के सुपुर्द किया गया, जिनका पशु चिकित्सा अधिकारी से मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस कार्रवाई में निरंजन खलखो, सनत द्विवेदी, मनोज उपाध्याय, विनोद मरावी और अंशू कुमार शामिल रहे।