अवैध रूप से चल रही चांदी रिफाइनरी पर छापा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के खिरनी तकिया क्षेत्र में रिहायशी इलाके के बीच संचालित हो रही एक अवैध चांदी रिफाइनरी का बड़ा खुलासा किया है। तंग गली में स्थित एक मकान के अंदर चल रही इस फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपए के केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में दो आरोपियों को राउंडअप किया गया है।
जानकारी के अनुसार खिरनी तकिया क्षेत्र के रहवासियों ने लंबे समय से इलाके में फैल रहे जहरीले धुएं और गैस की शिकायत की थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। जांच के दौरान मकान के भीतर अवैध रूप से चांदी रिफाइनिंग का काम होता पाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खतरनाक केमिकल और मशीनरी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री बिना किसी वैध अनुमति और फायर सेफ्टी व्यवस्था के संचालित की जा रही थी, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था।
ये भी पढ़ें: Dhar News: घाट पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, युवक के पैर दबे, पति के सीने से लगकर बिलखती रही पत्नी
नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह डोडवे ने बताया कि फैक्ट्री पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रही थी। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और केमिकल का उपयोग भी नियमों के विपरीत किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा था।
कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि मामले में मोहम्मद आबिद (30) और मोजुद्दीन (50) को राउंडअप किया गया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 272, 289 सहित विष अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध रिफायनरी का नेटवर्क और कहां तक फैला हुआ है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के रहवासियों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से जहरीले धुएं और बदबू से परेशान लोग इस कार्रवाई की मांग कर रहे थे।