रोजगार मिशन मोड के तहत युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
लखनऊ। कौशल विकास विभाग रोजगार मिशन मोड के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देगा। अल्पकालीन प्रशिक्षण के जरिये युवाओं को नजदीकी कंपनी व संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। अलीगंज स्थित उत्तर प्रदेश कौशल विभाग कार्यालय में बीते दिनों प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों यह आदेश दिए गए। राजकीय आईटीआई में दो वर्षीय व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भविष्य में इन्हीं पाठ्यक्रमों में युवाओं को अल्पकालीन प्रशिक्षण मिले, इसके लिए विभाग कंपनी के साथ मिलकर नए कोर्स तैयार करेगा। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी के अलग-अलग संस्थानों में 70 से अधिक अल्पकालीन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भविष्य में इनकी संख्या में बढ़ोतरी की तैयारी है।