लखनऊ। लोकभवन से मुख्यमंत्री आवास जा रहे सीएम योगी आदित्यनाथ फ्लीट के गुजरते ही हजरतगंज चौराहे पर अचानक एक बाइक सवार युवक फ्लीट के पीछे घुस गया।
पुलिस वालों ने युवक को घेरकर दबोच लिया और शांतिभंग में गिरफ्तार कर बाइक सीज कर दी। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार युवक अनजाने में फ्लीट के पीछे घुसा था।
अतिरिक्त निरीक्षक हजरतगंज प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दोपहर को मुख्यमंत्री के लोकभवन से 5 केडी की तरफ जाने के लिए अलर्ट हुआ। रूट के ट्रैफिक को ब्लाॅक कर दिया गया।
कुछ ही मिनट के अंदर सीएम की फ्लीट लोकभवन से निकली। हजरतगंज चौराहे होते हुए फ्लीट आगे बढ़ गई। इस बीच एक बाइक सवार युवक अचानक बाइक लेकर सीएम की फ्लीट के पीछे जाने लगा।
यह देख सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस वालों ने बाइक सवार युवक को घेरकर पकड़ लिया। पुलिस चौकी ले जाकर पूछताछ की गई तो युवक ने अपना नाम दुबग्गा निवासी शादान बताया।
अतिरिक्त इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक की हाईस्पीड बाइक को सीज कर दिया गया है। युवक ने बताया कि वह बीफार्मा का छात्र है और अनजाने में सीएम की फ्लीट के पीछे चला गया था।