आलमबाग। आशियाना में बुधवार रात किला मोहम्मदी गांव निवासी योगेश अवस्थी (30) ने नशे की हालत में फंदा लगाकर जान दे दी। योगेश के बड़े भाई आशुतोष अवस्थी के अनुसार, छोटा भाई नशे का आदी था। कुछ दिनों से वह काम पर भी नहीं जा रहा था। बुधवार दोपहर वह नशे की हालत में कमरे में चला गया और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। रात आठ बजे तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर अनहोनी की आशंका हुई। घरवाले जब दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो योगेश पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। आनन-फानन उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि घरवालों से पता चला कि दस दिन पहले योगेश ने नशे की हालत में मकान की छत से छलांग लगा दी थी। घटना में उन्हें काफी चोटें भी आई थीं। योगेश अविवाहित थे।