लखनऊ। गाजीपुर की लेखराज मार्केट में शनिवार को एक युवक मरणासन्न हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
महानगर के अकबरनगर निवासी मो. रिजवान (32) बैग बनाते थे। उनके भाई अबरार के मुताबिक शुक्रवार शाम रिजवान दोस्त के साथ बैग बनाने के लिए रेक्सीन लेने गए थे। कुछ देर बाद उनका परिचित घर पहुंचा और रिजवान पर सौ रुपये छीनकर भागने का आरोप लगाया था। परिजन रिजवान के घर आने का इंतजार करने लगे, मगर देर रात तक वह नहीं लौटे। अबरार ने बताया कि अगले दिन सुबह पुलिस से सूचना मिली कि लेखराज मार्केट में शराब के ठेके के पास रिजवान मरणासन्न हालत में पड़े हैं। पुलिस उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई। परिजन अस्पताल पहुंचे तो रिजवान की मौत होने की सूचना मिली।
गाजीपुर इंस्पेक्टर विकास राय के मुताबिक घरवालों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। मृतक के नाक-कान से खून निकल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर चोट लगना आया है। रिजवान के परिवार में पत्नी रुखसार व चार बच्चे हैं। मृतक के साले ताहिर व भाई अबरार ने रिजवान की हत्या का आरोप लगाया है।