रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बछरावां क्षेत्र में शुक्रवार रात पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों और पैदल जा रहे एक मजदूर को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य घायल हुए हैं।
बछरावां क्षेत्र के करनपुर निवासी निशांत श्रीवास्तव (24) और सुधांशु (19) रात में बाइक से रायबरेली जा रहे थे। हाईवे पर जोहवाशर्की गांंव के पास एक पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित पिकअप सीमेंट फैक्टरी के मजदूर तौकीर (31) निवासी जनपद कुशीनगर से टकरा गई। हादसे के बाद पिकअप लेकर चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां निशांत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तौकीर ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। निशांत के सिर में लगी चोट को मौत की वजह माना जा रहा है।