श्रावस्ती। जोखवा बाजार निवासी युवक शनिवार को घर की छत पर सोया था। रविवार सुबह सीढ़ियों से नीचे उतरते समय अचानक पैर फिसल जाने से वह नीचे गिर गया। परिवारीजन उसे एंबुलेंस से सीएचसी सिरसिया ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना सिरसिया पुलिस को दिए बगैर परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सिरसिया थाना क्षेत्र के जोखवा बाजार निवासी संतोष कुमार उर्फ भाई जी (48) पुत्र हनुमान प्रसाद शनिवार रात खाना खाने के बाद घर की छत पर सोने गया था। वहां से रविवार सुबह करीब पांच बजे संतोष छत से नीचे उतर रहा था। इसी बीच सीढ़ी से पैर फिसल जाने के कारण वह सीढि़यों से नीचे गिर गया। इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। परिजन एंबुलेंस से उसे सीएचसी सिरसिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी सिरसिया पुलिस को दिए बगैर परिवार के लोग शव को वापस घर ले आए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी सिरसिया भानु प्रताप सिंह का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। हल्का दरोगा को भेजकर जांच कराई जाएगी।