ऊंचाहार (रायबरेली)। पिता के साथ झाड़फूंक कराने जा रहा युवक रायबरेली-ऊंचाहार रेलखंड पर बृहस्पतिवार रात गंगा गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के किरवाहार मजरे सांवापुर नेवादा निवासी गोविंद (30) मनोरोगी था। घर वाले उसका इलाज करा रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम वह अपने पिता राम नरेश के साथ सवैया हसन गांव स्थित मजार पर झाड़-फूंक कराने जा रहा था।
दोनों पैदल ही जा रहे थे। इस दौरान युवक लखनऊ से प्रयागराज जा रही गंगा गोमती एक्सप्रेस की चपेट आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। लोको पायलट ने ऊंचाहार स्टेशन पर इसकी सूचना दी। सूचना के बाद आरपीएफ व पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की जान गई है।