लखनऊ। डेंगू जैसे लक्षणों वाले काकोरी के युवक की बुधवार को मौत हो गई। उसे तेज बुखार था। साथ ही प्लेटलेट्स काफी कम हो गई थीं। निजी अस्तपाल में डेंगू की जांच होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
काकोरी के कुशमौरा गांव निवासी पवन पाल (34) दर्जी थे। उनके भाई काका पाल ने बताया कि 10 दिन पहले पवन को तेज बुखार आया तो निजी अस्पताल से इलाज कराया गया। राहत मिलने पर घर ले आए। मंगलवार को फिर तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टर ने बताया कि प्लेटलेट्स बहुत कम हो गई हैं। भर्ती किए जाने के बाद भी पवन की जान नहीं बचाई जा सकी। उनके परिवार में पत्नी किरन देवी, आठ साल का बेटा आयुष और 11 साल की बेटी आयुषी है।
डेंगू के 26 नए मामले
राजधानी में बुधवार को डेंगू के 26 नए केस सामने आए। अलीगंज, चंदरनगर, इंदिरानगर, टुडियागंज, ऐशबाग, रेडक्रॉस, गोसाईंगंज में रोगी मिले हैं। मलेरिया के सात केस सामने आए हैं। जनवरी से अब तक डेंगू के 335 व मलेरिया के 393 रोगी मिले हैं।