सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सेवई पुल से शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकरा गई। बाइक पर पीछे बैठा युवक पुल से नीचे गिर (करीब 20 फीट ऊंचाई) गया।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक चलाने वाला युवक घायल हुआ। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइक सवार शराब के नशे में धुत्त थे।
इलाकाई निवासी विशाल (22) अपने साती अंकित के साथ रायबरेली रोड की तरफ से आ रहा था। बाइक अंकित चला रहा था। सेवई पुल पर अचानक से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
संतुलन बिगड़ने से विशाल उछलकर पुल से नीचे गिर गया, जबकि अंकित पुल पर ही गिरा। अंकित को मामूली चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस विशाल को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बताया कि काफी समय पहले ही विशाल की मौत हो चुकी है।
इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरि ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। बाइक चलाने वाला अंकित हेलमेट लगाए था।
नशा और रफ्तार हादसे की वजह, मोड़ पर नहीं संभल पाए
पुलिस ने मौके पर पड़ताल की। सामने आया कि दोनों बाइक सवार शराब के नशे में थे। और शराब खरीदने के लिए निकले थे। बाइक काफी रफ्तार में थी। पुल पर जहां मोड़ था, वहां बाइक को नियंत्रित नहीं कर सके। सीधे रेलिंग से बाइक टकरा गई। अंकित के साथ विशाल मजदूरी करता था।