लखनऊ। गोमतीनगर के उजरियांव निवासी दिव्यांशु पाल (27) ने शनिवार को पिता को खुदकुशी का मैसेज भेज कर फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक, मृतक नवोदय विद्यालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात था। कमरे से सुसाइड नोट मिला है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, दिव्यांशु पाल मूलरूप से प्रयागराज के सोरांव गोविंदपुर का रहने वाला था। यहां उजरियांव में किराये पर रहता था। मृतक के पिता जगतपाल के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे दिव्यांश का मैसेज आया। इसमें फांसी लगाए जाने की बात लिखी थी।
उन्होंने बेटे को कई बार काॅल की, पर फोन नहीं उठा। इसके बाद वृंदावन कॉलोनी में रह रहे रिश्तेदार श्रीपाल को दी। श्रीपाल भागकर दिव्यांश के घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर भीतर गए तो लोहे के जाल से रस्सी के फंदे के सहारे दिव्यांशु लटका हुआ था। इंस्पेक्टर के मुताबिक, अवसाद के चलते फांसी लगाए जाने की बात सामने आ रही है।
उम्मीद पर नहीं उतरा खरा
दिव्यांशु ने सुसाइड नोट में लिखा कि मैं आपकी उम्मीद पर खरा नहीं उतरा, कोई काम अच्छे से नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए अपना जीवन खत्म कर रहा हूं। हो सके तो मुझे माफ कर दीजिएगा।