उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए युवाओं और क्लबों को मिला सम्मान
लखनऊ। राजधानी में रविवार को आयोजित रोट्रैक्ट क्लब की 42वीं डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस व अवार्ड समारोह -इको ऑफ शक्ति में सामाजिक और सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं व क्लबों को सम्मानित किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 50 रोट्रैक्ट क्लबों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आयोजन डिस्ट्रिक्ट रोट्रैक्ट प्रतिनिधि माही भान के संयोजन में गोमतीनगर स्थित होटल में हुआ। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, पर्यावरण, साक्षरता, संस्कृति और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले क्लबों और प्रतिनिधियों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल, अमित आहूजा, कामदेश्वर सिंह और माही भान ने सम्मानित किया। मिर्जापुर के अभिषेक सिंह को बेस्ट प्रेसिडेंट अवाॅर्ड व मऊ के सूर्यांशु जायसवाल को द्वितीय स्थान मिला। टेक्नो कॉलेज की विशाखा सिंह और रोट्रैक्ट क्लब देवरिया को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार दिया गया। मिर्जापुर के गौरव रोट्रैक्ट क्लब को फर्स्ट बेस्ट क्लब, प्राइड क्लब को द्वितीय, टेक्नो क्लब को तृतीय और देवरिया क्लब को चौथे सर्वश्रेष्ठ क्लब का सम्मान मिला।