लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के आलमपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट रविवार शाम युवक ने ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या की कोशिश की। ट्रेन चालक की तत्परता और वहां मौजूद लोगों की मदद से युवक को बचा लिया गया। युवक की पहचान सरेनी क्षेत्र के सगरा निवासी विजय रैदास के रूप में हुई। वह शाम छह बजे आलमपुर क्रॉसिंग के निकट दिल्ली मेल के सामने कूद गया था। प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने बताया कि युवक किसी बात को लेकर घरवालों से क्षुब्ध था। परिवारीजनों को बुलाया गया है।