लखनऊ। सीसीसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में शुक्रवार को यॉर्कर क्रिकेट क्लब और कूह स्पोर्ट्स क्लब ने अपने मुकाबले जीत कर पूरे अंक प्राप्त किए। सिंड्रा ग्राउंड पर हुए पहले मैच में यार्कर क्लब ने यूपी टिंबर को 72 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यॉर्कर क्लब ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। समर्थ दीक्षित ने 40 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की बदौलत नाबाद 60 रन बनाए। जवाब में यूपी टिंबर की टीम आठ विकेट खोकर 137 रनों के योग पर सिमट गई। आतिफ ने सबसे अधिक 33 रन बनाए। यार्कर की ओर से कुशाग्र मिश्रा और विकास यादव ने तीन-तीन विकेट चटकाए। प्रतियोगिता के दूसरे मैच में कूह स्पोर्ट्स क्लब ने सेंट्रल क्रिकेट क्लब को आठ विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल क्रिकेट क्लब टीम 19.1 ओवर में 146 रनों के योग पर सिमट गई। कूह की ओर से नमन श्रीवास्तव ने चार विकेट चटकाए। जवाब में कूह क्लब ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। तन्मय शुक्ला ने 41 गेंदों में पांच चौके और छह छक्के की बदौलत नाबाद 79 रनों की पारी खेली।