लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथि की घोषित कर दी है। लविवि नवीन परिसर स्थित इंजीनियरिंग संकाय के न्यू ब्लॉक में 27 मार्च को यह परीक्षा होगी। दो पालियों में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और कॉमर्स विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी और अस्थायी पदों के लिए लिखित परीक्षा होगी। लविवि प्रशासन ने परीक्षा संबंधी व चयन प्रक्रिया की जानकारी अभ्यर्थियों को भेज दी है। गौरतलब है कि 80 पदों पर भर्ती के लिए गत 30 सितंबर तक आवेदन मांगे गए थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई थी। विवि के डीन रिक्रूटमेंट प्रो. मनुका खन्ना ने बताया कि लिखित परीक्षा में करीब 1100 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 से 11 और दोपहर 12 बजे से एक बजे तक होगी। सुबह की पाली में इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट और दोपहर की पाली में कॉमर्स विषय के लिए परीक्षा ओएमआरशीट पर होगी। प्रत्येक विषय में 40-40 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के बाद आंसर की जारी कर आपत्ति दर्ज कराने का भी अवसर दिया जाएगा। चयनित छात्रों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। उन्हें कमेटी और छात्रों के समक्ष पढ़ाकर दिखाना होगा। उसके बाद पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन देना होगा। उसके बाद उनका साक्षात्कार होगा। प्रो. मनुका ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म की कॉपी, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र लेकर आना होगा।