रायबरेली। शारदीय नवरात्र की अष्टमी व नवमी पर देवी मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में शुक्रवार को मां की आराधना हुई। मां के जयकारों के साथ भक्तों ने सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। पंडालों और घरों में कन्याओं को भोज कराया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
बालापुर में जयकुमार, अशोक मिश्रा, आईटीआई सामुदायिक केंद्र में ओपी सिंह, एके मुखर्जी की देखरेख में कन्याभोज व हवन-पूजन कराया गया। स्टेशन रोड में हवन-पूजन के बाद प्रसाद का वितरण हुआ। खाली सहाट में आशु श्रीवास्तव, अभिनय व रूप कुमार ने बताया कि हर साल यहां पूजा पंडाल सजाया जाता है।
सुपर मार्केट स्थित पूजा पंडाल में भक्तों ने माता रानी की आरती उतारी। ऋषिराज व संजय सक्सेना ने बताया कि जगमोहनेश्वर शिव मंदिर परिसर में 80 साल से पंडाल सजाया जाता है। इसी तरह मनसादेवी मंदिर, आईअीआई व मनसादेवी मंदिर में हवन-पूजन के बाद कन्याभोज हुआ।
शहर के सुपर मार्केट स्थित डॉ. षड़ंगी भवन में स्थापित पूजा पंडाल में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने मां को 108 दीप, 108 कमल पुष्प, 108 गुड़हल के पुष्प और 108 बेल पत्र अर्पित किए। इस मौके पर डॉ. अनिल बिहारी षड़ंगी, राजीव षड़ंगी, कंचन व ईशान आदि मौजूद रहे। युवा कल्याण परिषद की ओर से घुराडीह में मां की आराधना हुई। अमेठी सांसद केएल शर्मा, डॉ. मनीष चौहान, डीआर मौर्य व बृजेश सिंह ने मां से सुख समृद्धि की कामना की।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे के जसवंतरी देवी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों की ओर से कन्याभोज कराया गया। प्रभात साहू ने कन्याओं को उपहार भेंट किया। अहमदगंज स्थित दुर्गा मंदिर में भंडारा हुआ। डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक गंगा तट डलमऊ के किनारे स्थित पथवारी देवी मंदिर में कन्याभोज हुआ। गंगा आरती में भारी भीड़ जुटी।
हलोर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के हलोर, पुरासी, अलीपुर व मझिगवां आदि गांवों में सजे पूजा पंडालों में मां की आराधना की गई। आरती के बाद कन्याभोज हुआ। सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के धुरेमऊ गांव के पूरे शितलहन स्थित मां शीतलादेवी मंदिर में लगे भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आदि शक्ति मां सूर्यकुमारी में कन्याभोज हुआ। इसके अलावा घरों में भी भक्तों ने कन्याभोज के बाद उपहार भेंट किया।