लखनऊ। मलिहाबाद में सोमवार शाम बाइक सवार श्रमिक का गला खतरनाक मांझे की चपेट में आकर जख्मी हो गया। किसी तरह से वह अस्पताल पहुंचा। काकोरी के रेवरी गांव निवासी जयशीश रावत मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह वह किसी काम से मलिहाबाद बाइक से गए थे। काम निपटाने के बाद वह शाम करीब पांच बजे लाैट रहे थे। मलिहाबाद से पुरवा जाने वाले मार्ग पर उनके गले में मांझा फंस गया। वह जब तक बाइक रोकते उनका गला जख्मी हो गया और वह लहुलूहान हो गए। किसी तरह से उन्होंने गमछा अपने गले में बांधा। यह देख राहगीरों और ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने टांके लगाकर उन्हें छुट्टी दे दी। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।