जी20 सम्मेलन के चंद दिन बचे हैं। उधर, सौंदर्यीकरण के कामों को लेकर अफसरों की लापरवाही जारी है। एयरपोर्ट से आयोजन स्थल होटल सेंट्रम तक कहीं झाड़ उगे हैं तो कहीं लैंडस्केपिंग ही ठीक नहीं कराई गई। फव्वारे भी खराब पड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार को आयोजन स्थल पर ही मंडलायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को काम न कराए जाने पर आड़े हाथ लिया।
मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा, अब तक सफाई, मरम्मत जैसे काम शुरू हो जाने चाहिए थे। इस पर एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्राधिकरण की सभी सड़कों की मरम्मत चालू है। शुक्रवार से साइड पटरी की पेंटिंग भी शुरू करा दी जाएगी। मंडलायुक्त ने एलडीए अधिकारियों से शहीद पथ पर ग्रीनबेल्ट विकसित करने के अलावा सजावटी पौधे लगाने का काम शुरू कराने को हा। कूड़ाघर खुले होने पर भी वह नाराज रहीं। लेसा अधिकारियों से मंडलायुक्त ने पूछा, खंभों से लटकते तार क्यों नहीं हटाए जा रहे हैं? इस पर अधिकारी उचित जवाब नहीं दे पाए। बैठक में डीएम सूर्यपाल गंगवार, एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार मिश्र, एडीसीपी साउथ मनीषा सिंह, एसडीएम सरोजनीनगर सिद्धार्थ के अलावा पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, एयरपोर्ट के अधिकारी मौजूद रहे।
टाउनशिप में नहीं शुरू हुए काम
सुशांत गोल्फ सिटी में भी सौंदर्यीकरण न शुरू होने पर मंडलायुक्त ने अंसल एपीआई के प्रतिनिधियों को भी आड़े हाथ लिया। इस पर डीएम ने बिल्डर को सफाई, स्ट्रीटलाइट, लैंडस्केपिंग के काम जल्दी पूरा कराने को कहा है। एलडीए, आवास विकास परिषद, नगर निगम से भी अपने क्षेत्रों के काम करने को कहा गया है। डीएम ने आयोजन में आने वाले राष्ट्राध्यक्ष व अन्य प्रतिनिधियों के लायजन अफसरों के साथ बृहस्पतिवार को अलग से बैठक की। शुक्रवार को इन्हें एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक के रूट के अलावा शहर के प्रमुख स्थानों का भ्रमण प्रशिक्षण के रूप में कराया जाएगी।