लखनऊ। कैसरबाग स्थित राज्य ललित कला अकादमी में कला नवाचार अभियान के तहत महिला चित्रकारों के लिए शिविर का आयोजन हुआ। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से प्रेरित इस तीन दिवसीय शिविर में नारी स्वावलंबन दिखा। शुक्रवार को मुख्य अतिथि संस्कृति निदेशालय की अपर निदेशक डॉ. सृष्टि धवन ने इसका उद्घाटन किया। अकादमी के निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। यह अभियान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता भी फैलाएगा। शिविर में देश के कई शहरों की महिला कलाकार भाग ले रही हैं। कलाकारों को कैनवास, रंग, आवास, भोजन, यात्रा और मानदेय जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसमें पायल सिंह, इमिलिया मज, डॉ. शगुफ्ता खानम, मानसी मौर्या, मालविका कपूर, डॉ. दुर्गेश नंदिनी शर्मा (गोरखपुर), भारती प्रजापति (झांसी), प्रिया वर्मा (लखीमपुर खीरी), शिवांगी राज (सीतापुर), अंजनी वर्मा (सीतापुर), पद्मिनी मेहता (वाराणसी), वैश्वी बर्नवाल (वाराणसी), आशिता गुप्ता (वाराणसी), पायल चक्रवर्ती (प्रयागराज) के चित्र शामिल हैं।