हादसे में ई रिक्शा सवार महिला की मौत, चार घायल
मलिहाबाद। हरदोई रोड पर मलिहाबाद के मुजासा के पास बेकाबू बोलेरो की टक्कर से ई रिक्शा पलट गया। हादसे में ई रिक्शा सवार रहीमाबाद के गढ़ी जिंदौर निवासी फौजिया (40) की मौत हो गई। उनकी बेटी अनम, चालक और दो अन्य घायल हो गए। जिंदौर गांव निवासी जरी कारीगर हारून की पत्नी फौजिया अपने मायके काकोरी में शादी समारोह में गई थीं। कार्यक्रम के बाद सोमवार सुबह ई रिक्शा से घर लौट रही थीं। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भाग निकला था। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।