लखनऊ। मोहनलालगंज के जबरौली में सोमवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से रजिया बानो (55) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया।
सीतापुर के लहरपुर स्थित जीतामऊ निवासी रजिया जबरौली की एक गुटखा कंपनी में पैकिंग का काम करती थीं। वह बिंदुआ गांव में कमरा किराये पर लेकर रहती थीं। उनके बेटे नफीस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे मां नाइट शिफ्ट की ड्यूटी के लिए पैदल जा रही थीं। कमरे के पास ही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में कंपनी के कर्मचारी उन्हें सीएचसी मोहनलालगंज ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। रजिया के पति मुन्ना की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं।