अस्पताल में महिला व गर्भस्थ की मौत, डॉक्टर पर केस
लखनऊ। हसनगंज के मुंशीखेड़ा निवासी पवन मौर्या ने डॉक्टर सुमन पर लापरवाही के कारण उनकी पत्नी व गर्भस्थ की मौत होने का आरोप लगाते हुए दुबग्गा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने यह कार्रवाई जेसीपी एलओ के आदेश पर की है। पवन मलिहाबाद के भोगलामऊ निवासी अपने मामा के घर में रहते हैं। नवंबर 2023 में उनकी पत्नी पूजा गर्भवती थीं। उनका इलाज दुबग्गा के मलहा निवासी डाॅ. सुमन के लक्ष्मी पाॅलीक्लिनिक में चल रहा था। 28 नवंबर को डाॅ. सुमन ने उनसे नाॅर्मल डिलीवरी से बच्चा पैदा कराने की बात कहते हुए 50 हजार रुपये लिए थे। पर डाॅक्टर की लापरवाही के चलते गर्भस्थ की मौत हो गई। वह पत्नी को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे। वहां पूजा की भी मौत हो गई।