रायबरेली। परिषदीय विद्यालयों से बगैर बताए गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दो प्रधानाध्यापकों समेत 10 का वेतन रोक दिया। तीन अनुदेशकों और दो शिक्षामित्रों का मानदेय भी रोका गया। अनुपस्थित मिले सभी स्टाफ को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
परिषदीय विद्यालयों में 13 से 18 फरवरी तक हुए निरीक्षण की समीक्षा की गई। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले स्टाफ पर कार्रवाई की गई। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चुरुवा की प्रधानाध्यापक सुनीता देवी और बहेरिया की प्रधानाध्यापक पुष्पा अनुपस्थित मिली। बन्नावा के सहायक अध्यापक हेमंत कुमार, बहेरिया की सहायक अध्यापक शिवांशी मौर्या और कुसुलीखेड़ा के सहायक अध्यापक निरंकार शुक्ला भी अनुपस्थित मिले। इन सभी लोगों का एक दिन (अनुपस्थित दिवस) का वेतन रोक दिया गया है।
बीएसए के मुताबिक, करमगंज की शिक्षामित्र सोनी गौरव, चुरुवा के शिक्षामित्र विकास त्रिवेदी, बन्नावां की अनुदेशक श्रुति गोस्वामी, खजूरगांव-प्रथम के अनुदेशक ज्ञानेंद्र बहादुर सिंह और प्रेम चक की अनुदेशक रीना अनुपस्थित पाई गईं। इन सभी का अनुपस्थित दिवस (एक दिन) का मानदेय रोका गया है।
बीएसए ने बताया कि अनुपस्थित मिले सभी 10 लोगों को नोटिस जारी कर खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब न मिलने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।