रायबरेली। शहर में बिजली उपभोक्ता स्वीकृत भार से अधिक बिजली खर्च कर रहे हैं। कोई दो किलोवाट कनेक्शन लेकर तीन किलो, तो कोई चार किलोवाट बिजली खर्च कर रहा है। कई उपभोक्ता कम लोड पर एसी का मजा ले रहे हैं। पिछले तीन महीने से अधिक बिजली खर्च करने वाले 2036 उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं। इन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर लोड बढ़वाने का निर्देश दिया गया है। यदि कोई लोड नहीं बढ़वाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर के उपखंड मधुबन के अंतर्गत 20 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं। पिछले दिनों गर्मी और उमस के चलते उपभोक्ताओं ने खूब बिजली खर्च की। यही वजह है कि बिजली की मांग में इजाफा हुआ। उपखंड अधिकारी मधुबन सौरभ जायसवाल ने बताया कि पिछले तीन महीने में उपभोक्ताओं के यहां बिजली खूब खर्च की गई। 2036 उपभोक्ताओं के यहां लगे मीटर में अधिक लोड पाया गया। इन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर लोड बढ़वाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि स्वयं उपभोक्ता लोड नहीं बढ़वाते हैं, तो नियमानुसार कनेक्शन काटने के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ता स्वयं लोड बढ़वा लें, ताकि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए